home page

कुल्लू और बंजार में 206.32 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने भुंतर में किया एनसीसी हैंगर का उद्घाटन

 | 
कुल्लू और बंजार में 206.32 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने भुंतर में किया एनसीसी हैंगर का उद्घाटन


कुल्लू, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने साेमवार काे कुल्लू जिले के कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में 206.32 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों तक आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सड़क, पुल, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। हालांकि, जारी विवरण में परियोजनाओं की संख्या और लागत के आंकड़ों में अंतर है। कुल 206.32 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं का उल्लेख किया गया है, जबकि विधानसभा क्षेत्रवार विवरण में कुल्लू की पांच और बंजार की 21 परियोजनाएं बताई गई हैं।

कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के पिरड़ी में मुख्यमंत्री ने पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल का भूमि पूजन किया। इसके अतिरिक्त मोहल में 7.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ रुपये के जीआईसी सब-स्टेशन और शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित वेलनेस सेंटर का शिलान्यास किया।

बंजार विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत कई सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें धारा-बरसोगी, थेला-जस्ता-परली, बरनगी-मस्यार, सिधवा-गौरीगढ़-थनिचर, देउरी-सुनाड़, बठाड़-शीलश्रृंगाड़, गुशैणी-पेखड़ी से तिंदर गांव और जीभी-रशाला-सरठी सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा गुशैणी में 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया गया और नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री ने भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह प्रदेश की एयर एनसीसी विंग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे युवाओं को विमानन प्रशिक्षण, सिम्युलेटर आधारित अभ्यास और उड़ान संबंधी गतिविधियों के बेहतर अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने विमान मॉडल और अपने द्वारा विकसित ड्रोन प्रदर्शित किए।

बजौरा में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला