home page

ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही राज्य सरकारः मुख्यमंत्री

 | 
ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही राज्य सरकारः मुख्यमंत्री


शिमला, 05 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के निकट पोआबो गांव में वन विभाग द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन प्रोजेक्ट कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना में 2.5 किलोमीटर लंबा प्रकृति पथ (नेचर ट्रेल) विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता, प्रकृति के प्रति रुचि, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।

इस ट्रेल को हल्की ढलान के साथ इस प्रकार विकसित किया गया है कि सभी आयु वर्ग के लोग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक और बच्चे, आसानी से इसका आनंद ले सकें। पहाड़ी की चोटी से आसपास के हिमालयी क्षेत्र के मनमोहक दृश्य दिखाई देते हैं, जिनमें शाली शिखर, महासू शिखर, नालदेहरा हॉर्स ट्रेल, मशोबरा, क्रैगनैनो नेचर पार्क तथा शिमला जलग्रहण क्षेत्र प्रमुख हैं। परियोजना का एक विशेष आकर्षण वामन वृक्ष मंडल (बोनसाई उद्यान) है, जिसमें 15 प्रजातियों के लगभग 40 बोनसाई पौधे प्रदर्शित किए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के अंतर्गत स्वीकृत 16 सड़कों के निर्माण के लिए 5.20 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 251 जिला परिषद सीटों में से केवल 98 सीटें जीतने के बावजूद भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए लगातार भ्रामक जानकारी फैला रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों ने 53 शहरी स्थानीय निकायों में से 29 में विजय प्राप्त की, जबकि भाजपा विचारधारा से जुड़े उम्मीदवार केवल 21 निकायों में जीत दर्ज कर सके। इसके अतिरिक्त प्रदेशभर की पंचायतों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े बड़ी संख्या में प्रधान और उप-प्रधान भी निर्वाचित हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धनबल के दुरुपयोग के माध्यम से अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास किया, लेकिन जनता और प्रदेश के देवी-देवताओं के आशीर्वाद से उप-चुनावों के बाद कांग्रेस विधायकों की संख्या पुनः 40 तक पहुंच गई। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने शिमला नगर निगम चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला