मुख्यमंत्री ने रेणुका जी में किया पांच सड़कों का वर्चुअल शिलान्यास
शिमला, 15 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के पहले बैच के तहत पांच सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 28.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पीएमजीएसवाई-4 के तहत बनने वाली इन पांच सड़कों में बिरला-गाटू से मढारा, कटवारी बगराथ से बिरला, ठाकर से कुज्जेवाला, गांव बखान से केलेवाला और खरकोली से उंग्गर कांडो सड़क शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को इन परियोजनाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास और प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं। राज्य सरकार प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को पांच सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में सड़क ढांचे को मजबूत करने और मौजूदा सड़कों में सुधार को प्राथमिकता दे रही है। कार्यक्रम में मौजूद सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देशभर में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले और प्रदेश के अन्य हिस्सों में इन परियोजनाओं की स्वीकृति ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने के लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

