दीपावली पर मुख्यमंत्री सुक्खू की श्रमिकों को बड़ी सौगात, 1,444 लाभार्थियों को बांटे 6.11 करोड़ रुपये
शिमला, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के श्रमिकों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदेश के 11 जिलों के 1,444 लाभार्थियों को करीब 6 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर, शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा देहरा की विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर की उपस्थिति में लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह, आवास और अन्य जरूरी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से बोर्ड की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों की विकास की मुख्यधारा में भागीदारी सुनिश्चित हो और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिले।
आर्थिक सहायता के तहत विवाह सहायता योजना में 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता योजना में 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये, चिकित्सा सहायता योजना में 54,610 रुपये तथा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के तहत 5 लाख 10 हजार रुपये की सहायता दी गई। इन योजनाओं की स्वीकृत राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।
वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह निर्माण के लिए 67 पात्र श्रमिकों को कुल 86 लाख 58 हजार रुपये की सहायता के चेक वितरित किए गए।
जिला स्तर पर मंडी में सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा किन्नौर में 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये, शिमला में 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये और बिलासपुर में 173 लाभार्थियों को 65 लाख 53 हजार 800 रुपये दिए गए।
इसी तरह हमीरपुर में 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये, ऊना में 142 लाभार्थियों को 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 700 रुपये, कांगड़ा में 63 लाभार्थियों को 31 लाख 200 रुपये तथा सिरमौर में 29 लाभार्थियों को 15 लाख 38 हजार 200 रुपये की सहायता प्रदान की गई।
चंबा में 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपये, कुल्लू में 38 लाभार्थियों को 9 लाख 45 हजार 600 रुपये और सोलन में 10 लाभार्थियों को 5 लाख 95 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

