दिल्ली में स्पोर्ट्स, फिटनेस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू
शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित स्पोर्ट्स, फिटनेस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो-2026 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की ओर से लगाए गए पवेलियनों का अवलोकन किया और अलग-अलग स्टॉलों पर मौजूद प्रतिनिधियों से बातचीत कर खेल, फिटनेस और खेल अवसंरचना से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं।
मुख्यमंत्री ने एक्सपो के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शित नई तकनीकों, सुविधाओं और खेल अवसंरचना से जुड़े मॉडलों को भी देखा। उन्होंने विभिन्न संस्थानों और उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए खेल क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने टाइम्स ऑफ इंडिया समूह की ओर से इस आयोजन के लिए सराहना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नीति-निर्माताओं, खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, उद्योग जगत, उद्यमियों और निवेशकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराते हैं। उनके अनुसार ऐसे मंचों पर विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान होने से खेल क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स, फिटनेस एवं इंफ्रास्ट्रक्चर एक्सपो जैसे आयोजन देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास सहयोग को बढ़ावा देते हैं और खेल अवसंरचना के विकास के साथ एक स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में नए अवसर उपलब्ध कराते हैं।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और सांसद अनुराग शर्मा भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

