‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत देहग्रां पहुंचे मुख्यमंत्री, बैरागढ़ में सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा
चंबा, 05 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के बैरागढ़ स्थित देहग्रां पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बैरागढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र की 182 पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं और भौगोलिक परिस्थितियों को समझना है, ताकि उनके अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में निजी भूमि पर 100 किलोवाट से 2 मेगावाट तक के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा, जबकि गैर-जनजातीय क्षेत्रों में यह अनुदान 4 प्रतिशत होगा। 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्टअप स्वरोजगार सौर ऊर्जा योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से एक मेगावाट तक की सौर परियोजनाओं के लिए बैंक ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अगले माह ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता, 300 यूनिट निःशुल्क बिजली और स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी जायज शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दुर्गम चुराह क्षेत्र पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

