home page

तकलेच स्कूल को सीबीएसई का दर्जा, बस स्टैंड का भी होगा सर्वे : मुख्यमंत्री सुक्खू

 | 
तकलेच स्कूल को सीबीएसई का दर्जा, बस स्टैंड का भी होगा सर्वे : मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच स्कूल को सीबीएसई के अंतर्गत लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू कर रही है। इससे बच्चों को सीबीएसई शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लोग लंबी कतारों में खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने पहुंचे। इस दौरान विभिन्न स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को सीबीएसई शिक्षा दिलाने के लिए अभिभावकों को उन्हें शहरों में भेजना पड़ता था। इससे गांवों से पलायन बढ़ता था और परिवारों पर बच्चों की शिक्षा का अतिरिक्त खर्च भी पड़ता था। राज्य सरकार ने सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांवों में शिक्षा सहित आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के लिए उन्हें दूर भेजने की जरूरत कम होगी।

मुख्यमंत्री ने तकलेच में नया बस स्टैंड बनाने के लिए सर्वे करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर राज्य सरकार यहां बस स्टैंड का निर्माण करेगी। स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों की मांगों पर उन्होंने विभिन्न संपर्क मार्गों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने तकलेच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण भी किया और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा