शिक्षा और स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं : मुख्यमंत्री
शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को राज्य के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और डिग्री प्राप्त करने वाले स्नातकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हिमाचल प्रदेश में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं और धार्मिक आस्था इसकी विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लोगों ने राष्ट्र निर्माण और विकास के लिए विस्थापन का दर्द भी सहा है। भाखड़ा बांध विकास और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक होने के साथ-साथ यहां के लोगों के त्याग और योगदान की याद भी दिलाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। एम्स दिल्ली की तर्ज पर 3-टेस्ला एमआरआई, पेट स्कैन, उच्च क्षमता वाली एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को भी उनका लाभ मिले।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की गई है। साथ ही, राज्य में 277 पीजी मेडिकल सीटों के अतिरिक्त 320 सीटें बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से इस दिशा में सहयोग का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पैरामेडिकल और अलाइड हेल्थ पाठ्यक्रमों के लिए संस्थान शुरू किया गया है, जबकि एम्स की तर्ज पर आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

