आईजीएमसी में 24 अगस्त को हड़ताल, कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों का ऐलान
शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में कार्यरत कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। सीटू से सम्बद्ध आईजीएमसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की आम सभा में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो 24 अगस्त को आईजीएमसी में हड़ताल की जाएगी। इससे पहले 10 अगस्त को देशव्यापी जेल भरो आंदोलन और 14 अगस्त को आईजीएमसी परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।
आईजीएमसी परिसर में शुक्रवार को आयोजित आम सभा में बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कर्मचारियों की मांगों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सभा को सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, सचिव अमित कुमार, बालक राम, विवेक कश्यप, रंजीव कुठियाला, यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र लाल, महासचिव सीताराम सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि आईजीएमसी जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में लंबे समय से सैकड़ों कर्मचारी ठेका और आउटसोर्स व्यवस्था के तहत सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना था कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उन्हें उनके काम के अनुरूप वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
यूनियन ने मांग की है कि कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का पूरा भुगतान किया जाए। इसके साथ ही ईपीएफ, ईएसआई, बोनस, एरियर, छुट्टियां और वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ भी दिया जाए। कर्मचारियों के लिए दो वर्दियां, सिलाई भत्ता, चेंजिंग रूम और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। यूनियन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार नीति बनाने की मांग भी दोहराई।
आम सभा में यह भी कहा गया कि सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को निर्धारित वेतन और वैधानिक सुविधाएं मिलनी चाहिए। यूनियन का आरोप है कि ठेका और आउटसोर्स व्यवस्था के कारण कर्मचारियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
यूनियन ने कहा कि यदि मांगों का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसके तहत 10 अगस्त को कर्मचारी देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में भाग लेंगे। 14 अगस्त को आईजीएमसी परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा और इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 24 अगस्त को हड़ताल की जाएगी। यूनियन ने सभी कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों से इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

