home page

चूड़धार में रातभर चला रेस्क्यू, जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालु सुरक्षित निकाले

 | 
चूड़धार में रातभर चला रेस्क्यू, जंगल में रास्ता भटके चार श्रद्धालु सुरक्षित निकाले


शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिला में स्थित विख्यात धार्मिक स्थल चूड़धार की कठिन पहाड़ी और घने जंगल में रविवार रात रास्ता भटक गए चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 112 कंट्रोल रूम शिमला को सूचना मिली थी कि चूड़धार यात्रा से लौट रहे कुछ श्रद्धालु जंगल में रास्ता भटक गए हैं और उन्हें अपनी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने रात में ही चूड़धार क्षेत्र में सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू किए गए लोगों में राहुल (22) और साकेत (21), दोनों निवासी मोहाली, पंजाब तथा राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24), दोनों निवासी जिला करनाल हरियाणा शामिल हैं।

पुलिस टीम ने घने जंगल, दुर्गम रास्तों और अंधेरे के बीच तलाश शुरू की। काफी देर तक तलाश के बाद पुलिस ने आधी रात के समय राहुल और साकेत को पताल खड्ड की ओर जंगल से सुरक्षित खोज निकाला। दोनों को रेस्क्यू करने के बाद पुलिस टीम को दो अन्य श्रद्धालुओं के भी चूड़धार क्षेत्र में रास्ता भटकने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान जारी रखा और राहुल तथा उनकी पत्नी मधु को भी जंगल में तलाश कर सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाने की कार्रवाई की जा रही है। रात के समय घने जंगल में रास्ता भटकने के कारण श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस जवानों ने अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लगातार तलाश जारी रखी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस की टीम ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि रात के समय चूड़धार जैसे दुर्गम और घने जंगल वाले क्षेत्र में तलाश करना चुनौतीपूर्ण था, फिर भी पुलिस टीम ने लगातार अभियान चलाकर चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने लोगों से चूड़धार जैसे दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा के दौरान मौसम और रास्ते की स्थिति का ध्यान रखने तथा किसी परेशानी की स्थिति में तुरंत पुलिस या आपात सेवा से संपर्क करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा