home page

सिरमौर में ट्रक से 11.720 किलो चूरा पोस्त बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
सिरमौर में ट्रक से 11.720 किलो चूरा पोस्त बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


नाहन, 14 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 11.720 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार 13 मई को डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अजय कुमार और प्रेम सिंह ट्रक नंबर HP07F-0867 में चूरा पोस्त की खेप लेकर सोलन से गिरिपुल की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरयोग मुख्य सड़क पर ट्रक को रोक लिया। ट्रक चालक ने अपनी पहचान अजय कुमार (40) पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव कोट ढांगर, डाकघर ठोड़ निवाड़, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में बताई। वहीं कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रेम सिंह (42) पुत्र शेर सिंह निवासी वार्ड नंबर-2, राजगढ़, जिला सिरमौर बताया।

पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर केबिन के नीचे बने मैट के खांचे तथा केबिन के दोनों तरफ लॉक में बने गुप्त खांचों से 23 पॉलीथीन लिफाफे बरामद किए गए। जांच में इन लिफाफों से कुल 11.720 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में धारा 15 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर