home page

हरिपुरधार में कार से चिट्टा बरामद, दाे युवक गिरफ्तार

 | 

नाहन, 19 जुलाई (हि.स.)। नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरमौर पुलिस के हाथ एक और कामयाबी लगी है। पुलिस चौकी हरिपुरधार की टीम ने रविवार को काल मोड के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली, तो उसमें से 0.65 ग्राम चिट्टा हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिमला और बिलासपुर जिले के निवासियों के रूप में हुई है, जिनमें कार चालक विजय निवासी जुब्बली, तहसील कुपवी, जिला शिमला और उसका साथी आयुष्मान निवासी बरमाणा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर शामिल हैं। बाहरी जिलों के इन युवकों की हरिपुरधार क्षेत्र में नशे के साथ गिरफ्तारी से पुलिस अब इनके स्थानीय संपर्कों को लेकर भी सतर्क हो गई है।

डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स को खंगाला जा सके कि वे यह नशा कहाँ से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर