home page

नेरी कॉलेज में महिला हॉस्टल निर्माण से छात्राओं को राहत, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

 | 

हमीरपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए नेरी स्थित कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री में महिला हॉस्टल की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान पर खुशी जताई है।

उन्होंने बताया कि लगभग 8.57 करोड़ रुपये और 8.68 करोड़ रुपये की लागत से दो वर्किंग वूमेन हॉस्टलों का शिलान्यास किया गया है। इन हॉस्टलों का शिलान्यास शिमला से किया गया, जिससे प्रदेश भर से यहां पढ़ने आने वाली छात्राओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

डॉ. वर्मा ने कहा कि कॉलेज शहर से दूर होने के कारण महिला फैकल्टी और छात्राओं को आवास और यातायात संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पिछले वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा बॉयज हॉस्टल का शिलान्यास और उद्घाटन किए जाने के दौरान इस समस्या को उनके समक्ष उठाया गया था, जिस पर अब सकारात्मक कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ये दोनों हॉस्टल महिलाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं और इससे छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा।

इसके अलावा डॉ. वर्मा ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में छोटे-छोटे विकास कार्यों के लिए 83 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने पर भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा