home page

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया रिवालसर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेले का शुभारंभ

 | 
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया रिवालसर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेले का शुभारंभ


मंडी, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

मंडी जिला के ऐतिहासिक एवं धार्मिक तीर्थ स्थल रिवालसर की पावन धरा पर बुधवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय छेश्चू मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत आगाज किया। समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने करुणा, सह-अस्तित्व और विश्व शांति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छेश्चू उत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम है, जो समाज को एकता और मानवता के सूत्र में बांधता है।

उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत “जुले, नमस्ते ” के साथ करते हुए सभी को उत्सव की हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी स्थल रिवालसर की यह पावन धरती गुरु पद्मसंभव की तपस्थली के रूप में विश्व भर में श्रद्धा का केंद्र है। यहां लेह-लद्दाख, जांस्कर, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और मंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति हिमालयी बौद्ध परंपरा की गहरी जड़ों और साझा सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत करती है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जब श्रद्धालु पवित्र झील की कोरा (परिक्रमा) करते हुए, हाथों में माला जपते और दीप प्रज्ज्वलित करते दिखाई देते हैं, तो यह दृश्य मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। यह स्थान हमें प्रेम, दया और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आह्वान किया कि गुरु पद्मसंभव की इस पावन भूमि पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने जीवन में सद्भावना, करुणा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि छेश्चू उत्सव का वास्तविक संदेश मन की शुद्धि, समाज की एकता और विश्व शांति की कामना है और गुरु पद्मसंभव का आशीर्वाद हम सब पर बना रहे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी तथा कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने भी लोगों को संबोधित किया और रिवालसर क्षेत्र के विकास एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। मेला आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा