भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत कटौला में कैरियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर
मंडी, 29 सितंबर (हि.स.)। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कटौला में भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत कैरियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं कक्षा पास करने के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की उचित रणनीति, समय प्रबन्धन एवं निरंतर मेहनत के महत्व बारे भी जागरूक किया ।
पंजाब नेशनल बैंक, ग्रामीण बैंक की शाखा प्रबन्धक रिया ने विद्यार्थियों को बैंक द्वारा उपलब्ध विभिन्न प्रकार के ऋणों स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता तथा पीएनबी आरसेटी के माध्यम से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर अवसरों के बारे में भी बताया।
स्वास्थ्य विभाग के ओर से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय वर्मा, डॉ. अंकिता व महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संतोष ठाकुर द्वारा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य किशोरावस्था से सम्बन्धित स्वास्थ्य विषयों तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। आशा कार्यकर्त्ता, टिहरी द्वारा भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गयी । पुलिस विभाग की ओर से विपिन ठाकुर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कमल ने जिला रोजगार कार्यालय मंडी सहित सभी विभागों एवं उपस्थित विशेषज्ञों का विद्यालय में इस प्रकार के उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

