home page

शिमला में जनगणना का 65 फीसदी काम पूरा, 5.01 लाख आबादी और 1.24 लाख परिवार कवर

 | 
शिमला में जनगणना का 65 फीसदी काम पूरा, 5.01 लाख आबादी और 1.24 लाख परिवार कवर


शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले में जनगणना 2027 के दूसरे चरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15 सितंबर की शाम तक जिले की करीब 65 प्रतिशत आबादी और परिवारों का जनगणना कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला प्रशासन ने मौजूदा प्रगति को देखते हुए 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने की उम्मीद जताई है। जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास ने की।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बैठक में दूसरे चरण के जनगणना कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले की कुल 7,68,664 आबादी में से 5,00,621 लोगों की जनगणना 15 सितंबर की शाम तक पूरी हो चुकी है। इसी तरह कुल 1,90,946 परिवारों में से 1,24,343 परिवारों को कवर किया जा चुका है। इस तरह आबादी और परिवारों के कवरेज की प्रगति करीब 65 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों का संबंधित अधिकारियों की ओर से जल्द समाधान किया जा रहा है।

बिस्वजीत दास ने जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना के काम में आधुनिक तकनीक और विभिन्न डिजिटल टूल का इस्तेमाल किया जा रहा है। देश के बर्फ से प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में भी जनगणना का कार्य चल रहा है, जहां भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण कई तरह की चुनौतियां सामने आती हैं। इसके बावजूद फील्ड स्टाफ तय समय सीमा से पहले लक्ष्य पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहा है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि वर्तमान प्रगति को देखते हुए जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 25 सितंबर तक शिमला जिले का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इसी गति और समर्पण के साथ काम जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर की समस्याओं का समय पर समाधान कर जनगणना कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा