home page

शिमला में जनगणना के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 | 
शिमला में जनगणना के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


शिमला, 06 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बचत भवन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसमें जिले के 26 फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। यह प्रशिक्षण 8 मई तक चलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) एवं जिला जनगणना अधिकारी ज्योति राणा ने की। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना कई मायनों में खास होगी, क्योंकि पहली बार इसे पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. हर्ष और देव दत्त शर्मा फील्ड ट्रेनरों को विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। इस मौके पर सहायक निदेशक जनगणना निदेशालय प्रियांशु तिवारी, जिला नोडल अधिकारी रमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

ज्योति राणा ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार “स्व-गणना” की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके तहत लोग एचएलओ मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के जरिए 1 जून से 15 जून 2026 के बीच अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक मकानों की सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़े जुटाने का काम नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की योजना बनाने की बुनियाद होती है। इसी आधार पर सरकार विभिन्न नीतियां तैयार करती है। इसलिए इसमें जुटे सभी अधिकारी और कर्मचारी अहम भूमिका निभाते हैं।

जिला जनगणना अधिकारी ने यह भी भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान जुटाई गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूरी जानकारी दें, ताकि आंकड़े सटीक तैयार हो सकें। साथ ही अधिकारियों से भी कहा गया कि वे इस काम को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पूरा करें, जिससे जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा