home page

जनगणना 2027: हिमाचल में स्व-गणना अभियान शुरू, राज्यपाल ने खुद भरकर किया आगाज

 | 
जनगणना 2027: हिमाचल में स्व-गणना अभियान शुरू, राज्यपाल ने खुद भरकर किया आगाज


शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। राज्यपाल ने सोमवार को लोकभवन से इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। राज्य में यह अभियान 1 जून से 15 जून 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत करते हुए राज्यपाल ने स्वयं अपनी स्व-गणना पूरी की और प्रदेशवासियों से भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश की निदेशक और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्यपाल को स्व-गणना की डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी दी।

स्व-गणना पूरी करने के बाद राज्यपाल ने कहा कि जनगणना केवल लोगों की संख्या गिनने का काम नहीं है, बल्कि यह भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की नींव तैयार करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और 1 जून से 15 जून के बीच स्वेच्छा से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करे।

राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार लोगों से जुड़ी योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार और लागू कर सकती हैं। इससे जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना पूरी होने के बाद पोर्टल से एक स्व-गणना आईडी जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। इसके बाद 16 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच जब प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे, तब नागरिकों को यह आईडी उन्हें उपलब्ध करानी होगी, जिससे जनगणना का काम आसानी से पूरा हो सके।

राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के बाद कई महत्वपूर्ण आंकड़े अपडेट नहीं हो पाए हैं। नई जनगणना से न केवल ताजा और सटीक जानकारी उपलब्ध होगी, बल्कि विकास योजनाओं को भी बेहतर दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे अधिकतर बर्फबारी वाले राज्यों में विशेष परिस्थितियों को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से इस डिजिटल पहल को सफल बनाने और समय पर अपनी स्व-गणना पूरी कर राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा