डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, मंडी में उत्साहपूर्वक मनाया गया शिक्षक दिवस
मंडी, 05 सितंबर (हि.स.)। मंडी स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में शनिवार को महान शिक्षाविद, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर 'शिक्षक दिवस मनाया गया। छात्र परिषद द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत अध्यापकों के प्रति आभार और श्रद्धा व्यक्त करने के साथ हुई। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें मनमोहक संगीत, नृत्य और लघु नाटक शामिल थे। वरिष्ठ छात्रों ने शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं का संचालन बखूबी संभाला, वहीं अध्यापकों के लिए कई मनोरंजक और इंटरैक्टिव खेलों का आयोजन किया गया, जिससे परिसर का माहौल खुशनुमा हो उठा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों द्वारा किए गए सुंदर आयोजन की सराहना की।
उन्होंने अपने भाषण में एक ज्ञानवर्धक प्रसंग साझा करते हुए छात्रों को अपने व्यक्तिगत व अकादमिक विकास के लिए सही और अच्छी संगति चुनने का मूल्यवान मार्गदर्शन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

