home page

हिमाचल में सीबीएसई उप-कैडर के तीन शिक्षकों के इस्तीफे स्वीकार

 | 

शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई उप-कैडर के तहत तैनात तीन शिक्षकों के इस्तीफे शिक्षा निदेशालय ने स्वीकार कर लिए हैं। इनमें हमीरपुर, सिरमौर और बिलासपुर जिले के स्कूलों में तैनात शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा निदेशालय ने आठ अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार हमीरपुर जिले के राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रेल में तैनात भूगोल शिक्षिका मधु का इस्तीफा स्वीकार किया गया है। मधु तहसील रिण, जिला कांगड़ा की रहने वाली हैं। उनकी नियुक्ति राजीव गांधी मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रेल में हुई थी। स्कूल के प्रधानाचार्य की ओर से 21 सितंबर को भेजे गए पत्र के आधार पर निदेशालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने की मंजूरी दी।

इसी तरह सिरमौर जिले के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पांवटा साहिब में सीबीएसई गणित शिक्षक के पद पर तैनात अजय मान का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया गया है। अजय मान जिला ऊना के रहने वाले हैं। उनके इस्तीफे के संबंध में स्कूल की ओर से 23 जुलाई को शिक्षा निदेशालय को पत्र भेजा गया था। विभागीय अधिकारियों की स्वीकृति के बाद उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया।

तीसरे मामले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल, जिला बिलासपुर में तैनात शिक्षक नरेंद्र का इस्तीफा भी स्वीकार किया गया है। निदेशालय के आदेश में उनके इस्तीफे को स्वीकार करने की मंजूरी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा