home page

सीबीएसई स्कूलों में 5,623 शिक्षकों की मैरिट अटकी, परीक्षा के छह महीने बाद भी काउंसलिंग का इंतजार

 | 

शिमला, 13 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध उत्कृष्ट राजकीय स्कूलों में 5,623 शिक्षकों की मैरिट आधारित प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया परीक्षा और परिणाम जारी होने के बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। ग्रीष्म अवकाश वाले स्कूलों में नया सत्र शुरू हुए करीब छह महीने और शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में नौ महीने बीत चुके हैं, इसके बावजूद चयनित शिक्षकों की काउंसलिंग नहीं हो सकी है। इससे कई शिक्षक हाईकोर्ट पहुंच गए हैं।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 5,623 पदों के लिए 22 मार्च 2026 को लिखित परीक्षा कराई थी। इसमें करीब 10 हजार शिक्षकों ने परीक्षा दी थी। बोर्ड ने सात मई को मैरिट सूची और परिणाम जारी कर दिया था। इसके बाद काउंसलिंग की प्रक्रिया लंबित है।

जानकारी अनुसार कैबिनेट सब-कमेटी ने 10 जुलाई 2026 तक लिखित परीक्षा की मैरिट के साथ अकादमिक अंक, अनुभव और वरिष्ठता जैसे मानदंडों में जरूरी संशोधन कर अंतिम मैरिट प्रक्रिया तय की थी। इसके बाद भी मामला कुछ और संशोधनों के लिए दोबारा कैबिनेट में भेजा जाना है। कैबिनेट की बैठक टलने से प्रक्रिया में और देरी हुई है।

शिक्षा विभाग को इस मामले में अदालत में प्रक्रिया लंबित रहने का कारण भी बताना है। टीजीटी कला संघ ने शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का रास्ता जल्द निकालने का आग्रह किया है।

संघ के महासचिव विजय हीर ने कहा कि स्कूल बदलने की स्थिति में मौजूदा स्टाफ को नए ड्रेस कोड से नुकसान न हो, इसके लिए अभी ड्रेस कोड लागू करने के आदेश नहीं दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्रेस कोड की अनुपालना के लिए शिक्षकों का स्थायित्व जरूरी है।

5,623 पद अधिसूचित

सीबीएसई संबद्ध उत्कृष्ट राजकीय स्कूलों में प्रतिनियुक्ति के लिए कुल 5,623 पद अधिसूचित किए गए हैं। इनमें जीवविज्ञान 150, रसायन विज्ञान 161, भौतिक विज्ञान 161, गणित 160, वाणिज्य 288, अर्थशास्त्र 167, अंग्रेजी 384, राजनीति विज्ञान 182, इतिहास 182, हिंदी 182, भूगोल 134, समाजशास्त्र 134, संस्कृत 134, संगीत 134, सूचना प्रौद्योगिकी 134, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता 134, मनोविज्ञान 134, डीपीई 140, टीजीटी कला 480, टीजीटी मेडिकल 244, टीजीटी नॉन-मेडिकल 244, शास्त्री 221, भाषा अध्यापक 239, ड्राइंग मास्टर 179, शारीरिक शिक्षा अध्यापक 147 और जेबीटी के 640 पद शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा