नीट के उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध रहेगी बस सेवा
हमीरपुर, 01 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 3 मई को आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट (यूजी)-2026 के लिए हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के शिक्षण संस्थानों में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
जिला हमीरपुर के परीक्षा केंद्रों के समन्वयक एवं उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हमीरपुर बस स्टैंड से विशेष बसों का प्रबंध भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर शहर से दूर के परीक्षा केंद्रों जैसे-एनआईटी, एचपीटीयू, डिग्री कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय के लिए बस स्टैंड पर सुबह 9 बजे से एचआरटीसी की विशेष बस सेवा उपलब्ध रहेगी। परीक्षा की समाप्ति पर शाम 5 बजे इन केंद्रों पर भी एचआरटीसी की बसें उपलब्ध रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

