मंडी के भवाना में निजी बस बेकाबू होकर पलटी, 15 घायल
मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर सुंदरनगर उपमंडल में सोमवार को बिलासपुर से सुंदरनगर वाया सलापड़ आ रही एक बस प्रियंका दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस फोरलेन में मिलने से कुछ मीटर पहले ही भवाना पुल के पास बेकाबू होकर सड़क से फिसल कर पलट गई। इस हादसे में 15 सवारियां घायल हो गई, जिन्हें नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में दाखिल करवाया गया है। उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में सभी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग सब काम धाम छोड़ कर घायलों को निकालने में जुट गए । पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज करके कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल घटना का पता चलते ही नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचे तथा घायलों को हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के उपचार में कोई कमी न रखने का भी आग्रह किया तथा हर संभव मदद का भी भरोसा दिया। प्रशासन से भी घायलों को उचित मदद देने का आग्रह किया।
घायलों में आशा देवी पत्नी कर्म सिंह लोहारड़ी रंधाड़ा, कांता देवी पत्नी मंगत राम देहवीं कांगू, मनभरू पत्नी बैशाखू कांगू, जया पत्नी अशोक सलापड़, बबीता यादव पुत्री धर्म सिंह लोहारड़ी रंधाड़ा, चिंता देवी लोट नांडी गोहर,देवकू देहवीं कांगू, रोड़ी देवी पत्नी किश्नू सलापड़, रीना देवी पत्नी हंस राज सलापड़, रक्षा देवी पत्नी सुनील सलापड़, चमन लाल पुत्र चूहड़ू राम राजगढ़ बल्ह, सुरेंद्रा पत्नी बाल कृष्ण सलापड़, मुस्कान पत्नी नरेश कुमार सलापड़, रेखा देवी पत्नी मस्त राम सलापड़ व माया देवी पत्नी हरी सिंह सलापड़ शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

