home page

शिमला में अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप शुरू, भारत समेत पांच देशों के मुक्केबाजों ने दिखाया दम

 | 
शिमला में अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप शुरू, भारत समेत पांच देशों के मुक्केबाजों ने दिखाया दम


शिमला, 23 जून (हि.स.)। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में भारत के अलावा श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के पेशेवर मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न देशों के बॉक्सरों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उद्घाटन के साथ ही रिज मैदान अंतरराष्ट्रीय खेल रंग में रंग गया।

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस चैंपियनशिप का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश की राजनीति के दिग्गज नेता थे और उनकी स्मृति में आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता हिमाचल को नई पहचान देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजों की मौजूदगी से हिमाचल के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल कौशल को नजदीक से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रिज मैदान पर आयोजित मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जबकि दर्शकों ने भी मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन शिमला को राष्ट्रीय और वैश्विक खेल मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने में मदद करेंगे।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनार्था, विधायक हरदीप सिंह बावा, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा