कालाअंब में फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हड़कंप, धमाके से मशीनरी के उड़े परखच्चे
नाहन, 29 मार्च (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में रविवार सुबह एक भीषण औद्योगिक हादसा पेश आया है। यहाँ वाहनों के सेफ्टी ग्लास तैयार करने वाली प्रमुख इकाई हिम सेफ्टी ग्लास में अचानक बॉयलर फटने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से में अफरा-तफरी मच गई और मशीनरी को काफी क्षति पहुँची है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, जब यूनिट में कामकाज शुरू किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बॉयलर का एक हिस्सा जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बॉयलर का ऊपरी भारी धातु कवर उखड़कर काफी दूर जा गिरा, जिससे यूनिट के भीतर भारी दबाव की स्थिति पैदा हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में फैक्ट्री की मशीनरी और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति पहुँची है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि विस्फोट की चपेट में आने से आधा दर्जन (6) श्रमिकों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवा दिया गया है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुरुआती तौर पर इसे बॉयलर विस्फोट का मामला माना जा रहा है, लेकिन धमाका तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी और वजह से, इसका खुलासा विशेषज्ञों की गहन जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में स्थिति नियंत्रण में है और सामान्य गतिविधियों को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

