home page

हमीरपुर में शुरू हुआ राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन

 | 
हमीरपुर में शुरू हुआ राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन


हमीरपुर, 22 जून (हि.स.)। शिमला से हमीरपुर स्थानांतरित किए गए राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन सोमवार से यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में विधिवत रूप से आरंभ हो गया। बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने सोमवार सुबह करीब 11ः30 बजे मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में इस नए कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया।

हमीरपुर में बोर्ड के कार्यालय की स्थापना के लिए नरेश ठाकुर को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान को गति प्रदान करने में बोर्ड का यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नरेश ठाकुर ने विद्यार्थी जीवन से ही विभिन्न संगठनों में कई बड़ी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है और राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार के रूप में भी वह सरकार, प्रशासन, मीडिया और आम लोगों के सहयोग से नशा विरोधी मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर में राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय की स्थापना प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे के विरुद्ध एक बहुत बड़ी जंग शुरू की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देगा। नरेश ठाकुर ने सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा