home page

विश्वकर्मी विकास सभा ने लगाया रक्तदान शिविर, 50 यूनिट रक्त एकत्रित

 | 
विश्वकर्मी विकास सभा ने लगाया रक्तदान शिविर, 50 यूनिट रक्त एकत्रित


मंडी, 20 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वकर्मी विकास सभा, बल्ह इकाई के युवा संगठन द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टावां में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 50 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी उपस्थित रहीं।

उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं को भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वकर्मी युवा संगठन के अध्यक्ष दुर्गादास शास्त्री, महासचिव कमल किशोर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीतू भारद्वाज, मीडिया प्रभारी रजत गांधी, सह-मीडिया प्रभारी यीशु भारद्वाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार, शेर सिंह, प्रिंशू भारद्वाज सहित युवा संगठन की पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रही।

कार्यक्रम में विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह इकाई के प्रधान श्री महंत राम भारद्वाज, महासचिव ठाकुरदास सहित पूरी कार्यकारिणी ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

बल्ह इकाई के अध्यक्ष महंत राम भारद्वाज ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने और समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विश्वकर्मी विकास सभा के संस्थापक सदस्यों बी.आर. कौंडल, हंसराज भारद्वाज, मोहनलाल कौंडल एवं धर्मचंद ने विशेष रूप से उपस्थित होकर रक्तदाताओं और युवा कार्यकारिणी का मनोबल बढ़ाया।

इस अवसर पर युवा संगठन के अध्यक्ष दुर्गादास शास्त्री ने कहा कि रक्तदान केवल एक व्यक्ति की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, कार्यकारिणी सदस्यों, चिकित्सा टीम एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

बल्ह इकाई के महासचिव ठाकुरदास ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में युवाओं और पूरी कार्यकारिणी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मी सभा भविष्य में भी समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा