home page

देवभूमि की अस्मिता से समझौता बर्दाश्त नहीं, युवा सड़कों पर : सन्नी शुक्ला

 | 
देवभूमि की अस्मिता से समझौता बर्दाश्त नहीं, युवा सड़कों पर : सन्नी शुक्ला


देवभूमि की अस्मिता से समझौता बर्दाश्त नहीं, युवा सड़कों पर : सन्नी शुक्ला


हमीरपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति, कथित माफिया गतिविधियों और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

भाजयुमो के आह्वान पर प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों सोलन, पालमपुर, हमीरपुर और मंडी में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किए। इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सन्नी शुक्ला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और इससे प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कथित संरक्षण दिए जाने और पुलिस तंत्र के राजनीतिकरण के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में अपराध दर में वृद्धि हुई है और इससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। शुक्ला ने मुख्यमंत्री से इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, कानून-व्यवस्था को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त किया जाना चाहिए ताकि पुलिस निष्पक्ष रूप से कार्य कर सके।

सन्नी शुक्ला ने कहा कि यदि सरकार ने आरोपों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो भाजयुमो आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में सचिवालय का घेराव और व्यापक आंदोलन भी किया जा सकता है।

भाजयुमो ने मांग की है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और किसी भी प्रकार के राजनीतिक संरक्षण को तुरंत समाप्त किया जाए।

उधर हमीरपुर जिला भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ गांधी चौक पर नारेबाजी की। इस दौरान कहा गया कि एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश का शर्मसार किया है। इस दौरान राहुल गांधी के खिलाफ भी नारे लगाए गए। कहा गया तीन आरोपी रोहडू में छिपे हुए थे तथा प्रदेश सरकार उनको संरक्षण दे रही थी। जब दिल्ली की पुलिस उनको पकड़ने के लिए आती है तो पुलिस को रोका जाता है। सरकार यदि ऐसे मसलों पर पड़ेगी तो प्रदेश का विकास कैसे होगा।

शहरी इकाई महामंत्री तेन सिंह ने कहा कि एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकत ने देश का शर्मसार किया है। प्रदेश सरकार ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है जोकि सही नहीं है। प्रदेश सरकार का हिमाचल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहिए न की अन्य मसलों में पड़ना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा