home page

सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की जीत

 | 
सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की जीत


नाहन, 23 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत को जनता के विश्वास और सुशासन की जीत करार दिया है। उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं शिवानी तथा उपाध्यक्ष पद पर चुने गए बलदेव भंडारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह जीत केवल दो जनप्रतिनिधियों की सफलता नहीं, बल्कि सिरमौर की जनता द्वारा विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में जताए गए भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, वादाखिलाफी और कुशासन से निराश हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों, नगर निगमों, नगर परिषदों तथा अन्य स्थानीय निकायों के चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। इससे साफ संकेत मिलता है कि प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की पृष्ठभूमि तैयार हो चुकी है और जनता विकासोन्मुख राजनीति के साथ खड़ी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश आर्थिक संकट, बढ़ते कर्ज, बेरोजगारी, विकास कार्यों की धीमी गति और प्रशासनिक अव्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस द्वारा दी गई अधिकांश गारंटियां आज भी अधूरी हैं, जिससे जनता का सरकार से विश्वास लगातार कम हुआ है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसके विपरीत प्रदेश सरकार इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी विफल रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नव निर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी सिरमौर जिले के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तिकरण तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला