भाजयूमो आक्रोश रैली : भाजपा युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री का फूंका पुतला, पुलिस से हुई छीना झपटी
मंडी, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंगलवार को मंडी में प्रदेश सरकार के लिए आक्रोश रैली निकाली। सरकार पर रोजगार को लेकर दी गई गारंटी को पूरा न करने के विरोध में यह रैली निकाली। युवाओं को रोजगार न देने का आरोप सरकार पर लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की। इसी बीच युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शहर के बीचों बीच पुलिस की घेराबंद के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुतला जलाया। पुतला जलाने की शुरुआत करते वक्त पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की छीना झपटी भी हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया मगर कार्यकर्ताओं ने इसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस कर्मियों ने इस पर पानी डाल कर बुझाने की भी कोशिश की मगर तभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता जो पूरी तैयारी के साथ आए थे ने इस पर तेल डालकर जला डाला। इस छीना झपटी के दौरान आग की लपटें कार्यकर्ताओं के कपड़ों तक जा पहुंची और किसी तरह से उन्हें धक्का देकर बचाया गया। कार्यकर्ताओं ने सुक्खू सरकार की गारंटियों, युवाओं को रोजगार देने के वादे और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मंडी शहर में आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सुक्खू सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को पूरा करने की मांग उठाई।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व युवाओं को हर साल 1 लाख रोजगार देने सहित 10 गांरटियाँ दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार अब इन गारंटियों को भूल चुकी है। पिछले 4 सालों से प्रदेश की जनता सरकार की जन विरोधी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त है और अब जनता से सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

