home page

मजबूत सामाजिक ताने-बाने से भारत बनेगा विश्वगुरु : डाॅ सिकंदर कुमार

 | 
मजबूत सामाजिक ताने-बाने से भारत बनेगा विश्वगुरु : डाॅ सिकंदर कुमार


शिमला, 04 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा है कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए केवल तकनीकी और आर्थिक प्रगति पर्याप्त नहीं है। इसके साथ राजनीतिक व्यवस्था में पारदर्शिता, मजबूत सामाजिक ताना-बाना और समाज की एकजुटता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के सामने मौजूद राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों का समाधान सरकार अकेले नहीं कर सकती। इसके लिए पूरे समाज की भागीदारी जरूरी है।

प्रोफेसर सिकंदर कुमार शनिवार को मंडी में भाजपा जिला मंडी की ओर से आयोजित 'पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान' के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण संगठन की कार्यप्रणाली की आत्मा है। किसी भी मजबूत संगठन के निर्माण में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता वैचारिक रूप से परिपक्व, अनुशासित और संगठन के प्रति अधिक जिम्मेदार बनते हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत तकनीकी और आर्थिक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ देश के सामने कुछ गंभीर आंतरिक चुनौतियां भी हैं, जिन पर समान रूप से ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने राजनीति के अपराधीकरण, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रीय और संकीर्ण राजनीति तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता से जुड़े सवालों को देश के सामने बड़ी चुनौतियां बताया।

प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा कि समाज में जातिवाद, सांप्रदायिकता, बढ़ती आर्थिक असमानता, महिलाओं की सुरक्षा, लैंगिक असमानता और शिक्षा व स्वास्थ्य के बढ़ते बाजारीकरण जैसे मुद्दे भी चिंता का विषय हैं। उनका कहना था कि इन चुनौतियों का समाधान समाज के सामूहिक प्रयास से ही संभव है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे 'मैं' की भावना छोड़कर 'हम' की सोच के साथ काम करें। उनके अनुसार, जब समाज जाति, धर्म और संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर एक भारतीय के रूप में एकजुट होगा, तभी देश अंदर से मजबूत बनेगा और दुनिया में अग्रणी भूमिका निभा सकेगा।

समारोह में उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा