शिमला में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा, जयराम ठाकुर और सुरेश कश्यप ने किया नेतृत्व
शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को शिमला में प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में भाजपा के नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल देशभक्ति से भर गया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शिमला के सीटीओ से हुई। इसके बाद यात्रा नाज़ चौक, लोअर बाजार और मॉल रोड से होते हुए द रिज पहुंची। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने किया।
इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश इस वर्ष स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और शहीदों को याद करने का है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसके सम्मान के लिए अनेक लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने प्रदेश के लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा फहराने से देश के प्रति सम्मान और एकता की भावना मजबूत होती है।
संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को लेकर सुरेश कश्यप ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह से विपक्ष के विरोध के कारण संसद का कामकाज प्रभावित हो रहा है। उनके मुताबिक देशभर के सांसद अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, प्राकृतिक आपदाओं और आम लोगों की समस्याओं से जुड़े मुद्दे संसद में उठाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलेगी तो जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो सकेगी और जरूरी विधेयकों पर भी विचार होगा। उन्होंने कांग्रेस से संसद की कार्यवाही चलने देने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूरे होना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने संगठन स्तर पर फैसला लिया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं का उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

