home page

आचार संहिता में फैसले लेकर चुनाव प्रभावित कर रही प्रदेश सरकार : भाजपा

 | 
आचार संहिता में फैसले लेकर चुनाव प्रभावित कर रही प्रदेश सरकार : भाजपा


शिमला, 22 मई (हि.स.)। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शुक्रवार को आयोजित कैबिनेट बैठक पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार आचार संहिता के दौरान फैसले लेकर चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने कहा कि प्रदेश में पंचायत, बीडीसी और जिला परिषद चुनावों के चलते आचार संहिता लागू है, ऐसे समय में मंत्रिमंडल की बैठक बुलाना कई सवाल खड़े करता है।

शिमला में जारी बयान में हर्ष महाजन ने कहा कि कैबिनेट में ऐसे फैसले लिए गए हैं, जिनका सीधा असर चुनावों पर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं और कर्मचारियों को प्रभावित करने के लिए कई घोषणाएं की हैं। साथ ही नए पदों और नए कार्यालयों को मंजूरी देना भी चुनावी प्रक्रिया के दौरान उचित नहीं है।

भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक मंचों पर संविधान और नैतिकता की बात करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद वही नियमों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी लाभ के लिए सरकारी मशीनरी और घोषणाओं का इस्तेमाल कर रही है।

हर्ष महाजन ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक सरकार को ऐसे फैसलों से बचना चाहिए था, जिनका असर मतदाताओं पर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े सूत्रों के जरिए योजनाबद्ध तरीके से मीडिया में खबरें दी जा रही हैं ताकि चुनावी माहौल प्रभावित हो।

उन्होंने मांग की कि राज्य निर्वाचन आयोग इस मामले का संज्ञान ले और कैबिनेट के फैसलों की समीक्षा करे। भाजपा ने कहा है कि वह इस मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाएगी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए संवैधानिक कदम उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा