शीतकालीन सत्र सरकार का आखिरी सत्र होगा, भाजपा हर मुद्दे पर मांगेगी जवाब : जयराम ठाकुर
शिमला, 13 नवंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि धर्मशाला में 16 से 21 नवम्बर तक होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र कांग्रेस सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा। भाजपा ने सत्र के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी के विधायक सरकार को घेरने के लिए अलग-अलग मुद्दों पर नोटिस और प्रश्न तैयार कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले चार वर्षों में सरकार के कामकाज से निराश है। हिमाचल प्रदेश आर्थिक और प्रशासनिक संकट से गुजर रहा है और कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
शुक्रवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में जयराम ठाकुर ने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और इसके इस्तेमाल को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री केवल राजनीतिक वॉकथॉन निकालकर इसके समाधान का दावा कर रहे हैं। मंडी में आयोजित वॉकथॉन के दौरान कांग्रेस विधायक अनिल शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि नशे जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है। इस समस्या के समाधान के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सरकारी संपत्तियों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत देने की चर्चा पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने पूछा कि सरकार ने इसके लिए कौन सा मॉडल तैयार किया है और इसकी शर्तें क्या होंगी। पीपीपी मोड के नाम पर किस तरह की प्रक्रिया अपनाई जा रही है और इसके लिए क्या औपचारिकताएं तय की गई हैं, इसकी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन जानकारियों को सार्वजनिक नहीं कर रही है। भाजपा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगी।
स्टांप पेपर की कीमत 100 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किए जाने पर जयराम ठाकुर ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार सेस और टैक्स बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। पानी और बिजली सहित कई क्षेत्रों में दरें बढ़ाई गई हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देती है, लेकिन उसके फैसलों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। आर्थिक संकट के बीच सरकार को ऐसे कदमों से बचना चाहिए जिनसे गरीब और मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ें।
कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने तंज कसा। जयराम ठाकुर ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई देने लगी है। ऐसे समय में सरकार को जश्न मनाने से परहेज करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मंडी जिले की सभी दस सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री की ओर से राजनीतिक मुद्दों को जटिल बनाने के प्रयासों पर उन्होंने कहा कि इससे कुछ हासिल नहीं होने वाला है। भाजपा नेता किसी दबाव में नहीं हैं और पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस सरकार के जाने का समय आ गया है।
जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई अच्छी होगी। कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सुंदर ठाकुर नाराज नहीं, बल्कि भयंकर नाराज हैं। पिछले करीब डेढ़ साल से उनकी उपेक्षा की जा रही है। यह कुल्लू की जनता के आत्मसम्मान और भावनाओं का अपमान है। कुछ नेताओं के उनके संपर्क में होने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत से लोग संपर्क में हैं।
रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक नंद लाल के निधन से यह सीट खाली हुई है और उनका परिवार अभी शोक में है। ऐसे समय में चुनाव को लेकर राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का एलान किए जाने और पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर अंतिम प्रतिक्रिया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

