राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले आज राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे दर्शन: राजीव बिंदल
शिमला, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर राम मंदिर को लेकर निशाना साधते हुए कहा है कि जिन लोगों ने वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का विरोध किया, वही आज राजनीतिक लाभ के लिए राम मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह बदला हुआ रुख उसकी आस्था नहीं बल्कि राजनीतिक अवसरवाद को दिखाता है।
डॉ. बिंदल ने मंगलवार को शिमला में कहा कि कांग्रेस पर यह कहावत पूरी तरह लागू होती है कि 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने लंबे समय तक तुष्टीकरण की राजनीति की, श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का विरोध किया और अदालत में भी मंदिर निर्माण रुकवाने के प्रयास किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भगवान श्रीराम को लंबे समय तक ताले और बाद में टेंट तक सीमित रखा गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज कांग्रेस नेताओं का राम मंदिर जाकर दर्शन करना उनकी धार्मिक आस्था का नहीं बल्कि राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस ने अपना रुख बदला है और देश की जनता इस बदलाव को अच्छी तरह समझती है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह कहा था कि 97 प्रतिशत हिंदू आबादी वाले हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने हिंदू विचारधारा को हराकर सत्ता हासिल की है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने वाले नेताओं का अब राम मंदिर जाकर दर्शन करना उनकी दोहरी सोच को सामने लाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को अपने पुराने राजनीतिक रुख और फैसलों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को पहचान चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

