home page

सोलन में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द करना कांग्रेस की साजिश : राजीव बिंदल

 | 
सोलन में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द करना कांग्रेस की साजिश : राजीव बिंदल


शिमला, 08 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और पंचायत चुनावों के बीच सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि सोलन नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जाना एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश थी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सोलन नगर निगम के वार्ड नंबर-3 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी को चुनाव मैदान से बाहर करने के उद्देश्य से नामांकन पत्र रद्द किया गया। उनके मुताबिक यह कदम लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाकर चुनावों को अपने पक्ष में मोड़ने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मामले में बाद में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप किया और भाजपा समर्थित उम्मीदवार को चुनाव लड़ने की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले से यह साफ हो गया कि नामांकन रद्द करने का फैसला सही नहीं था और भाजपा उम्मीदवार को चुनाव से बाहर रखने की कोशिश की जा रही थी।

डॉ. बिंदल ने दावा किया कि इस घटनाक्रम से भाजपा उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं को मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी और चुनाव प्रचार भी प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं रखती और जब उसे जनता का समर्थन कमजोर होता दिखता है तो सत्ता और प्रशासन का इस्तेमाल कर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, आर्थिक कुप्रबंधन और विकास कार्यों की अनदेखी के आरोप भी लगाए। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से नाराज है और लोग अब बदलाव का मन बना चुके हैं। उनके मुताबिक आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा