home page

कर्ज़ के सहारे चल रही प्रदेश सरकार, आर्थिक प्रबंधन पूरी तरह फेल : भाजपा

 | 
कर्ज़ के सहारे चल रही प्रदेश सरकार, आर्थिक प्रबंधन पूरी तरह फेल : भाजपा


शिमला, 08 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते कर्ज और आर्थिक स्थिति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को आर्थिक बदहाली के कगार पर पहुंचा दिया है और अब सरकार कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और रोजमर्रा के खर्च चलाने के लिए भी लगातार कर्ज लेने को मजबूर हो गई है।

शुक्रवार को एक बयान में राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार अब 500 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सरकार हजारों करोड़ रुपये का ऋण ले चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आर्थिक स्थिति सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट आर्थिक नीति है और न ही वित्तीय प्रबंधन की ठोस योजना।

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद जनता को राहत देने में विफल रही है। जमवाल के मुताबिक सरकार ने डीजल पर वैट बढ़ाया, बिजली महंगी की और कई मुफ्त सुविधाएं बंद कर दीं। इसके साथ ही आम लोगों पर टैक्स और उपकर का बोझ भी बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हालत ऐसी हो गई है कि सरकार को कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन भुगतान को लेकर भी कठिन फैसले लेने पड़ रहे हैं।

राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं से ज्यादा अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर सत्ता से जुड़े लोगों को सरकारी सुविधाएं और संरक्षण मिल रहा है।

भाजपा नेता ने पूर्व सीपीएस (मुख्य संसदीय सचिव) से जुड़े मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की हालिया सख्त टिप्पणियों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। जमवाल ने कहा कि जिन नियुक्तियों को अदालत पहले ही निरस्त कर चुकी है, उनसे जुड़े लोग अब भी सरकारी आवास और सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। उनके मुताबिक यह कानून और संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी का उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा