home page

300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा करने वाली कांग्रेस अब दरें बढ़ाने की तैयारी में : संदीपनी भारद्वाज

 | 
300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा करने वाली कांग्रेस अब दरें बढ़ाने की तैयारी में : संदीपनी भारद्वाज


शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बिजली दरों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव के समय 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा करने वाली सरकार अब बिजली की दरें बढ़ाकर जनता पर महंगाई का नया बोझ डालने की तैयारी कर रही है।

शिमला से शुक्रवार को जारी बयान में संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान मुफ्त बिजली और कई अन्य गारंटियों का वादा करके लोगों को आकर्षित किया था, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद वही सरकार बिजली महंगी करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर का बड़ा उदाहरण है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सामने आ रही जानकारी के अनुसार प्रदेश में बिजली की दरों में लगभग एक रुपये प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो इसका सीधा असर प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। उनका कहना है कि बिजली दरों में इस संभावित बढ़ोतरी से प्रदेश की जनता पर सालाना करीब 1200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने आगामी वित्त वर्ष के लिए नियामक आयोग के समक्ष लगभग 8593 करोड़ रुपये की मांग रखी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि इससे साफ संकेत मिल रहा है कि सरकार अपनी आर्थिक नीतियों और प्रबंधन की कमियों का बोझ अब सीधे जनता पर डालने जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से मिलने वाली बिजली को वापस लेकर नई व्यवस्था लागू की है, जिसका असर बिजली व्यवस्था और दरों पर पड़ सकता है। उनके अनुसार पहले यह बिजली सीधे बिजली बोर्ड को मिलती थी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। लेकिन अब व्यवस्था बदलने के कारण बिजली बोर्ड को खुले बाजार से महंगी बिजली खरीदने की स्थिति बन सकती है, जिसका असर अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान 10 गारंटियों और मुफ्त बिजली के वादों के जरिए लोगों को उम्मीदें दी थीं, लेकिन अब वही वादे पीछे छूटते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता को राहत देने के बजाय सरकार ऐसे फैसलों की तैयारी कर रही है जिससे महंगाई बढ़ेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने बिजली की दरों में बढ़ोतरी का फैसला लिया तो भारतीय जनता पार्टी इसका सड़कों से लेकर सदन तक विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा