झूठे मुकदमों और जेल से नहीं डरती भाजपा, जनहित की लड़ाई जारी रहेगी : सुधीर शर्मा
शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता झूठे मुकदमों अथवा जेल से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार को लगता है कि मुकदमे दर्ज कर या जेल भेजकर भाजपा की आवाज़ दबाई जा सकती है, तो यह उसकी बड़ी भूल है।
बुधवार को शिमला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित जन आंदोलन के दौरान सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और प्रदेश हित की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उन्हें जेल भेजना चाहती है तो भेज दे, लेकिन भाजपा जनहित के मुद्दों से पीछे हटने वाली नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर केवल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगी हुई है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज करवा रहे हैं, जबकि प्रदेश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है।
सुधीर शर्मा ने दावा किया कि भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को उजागर किए जाने तथा तैयार की जा रही चार्जशीट से सरकार घबरा गई है। इसी कारण भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, अगर सरकार में दम है तो हमें जेल भेज दे, लेकिन भाजपा न तो डरने वाली है और न ही झुकने वाली है। हम प्रदेश हित और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच संघर्ष जारी रखेंगे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा, जनता की आवाज़ बुलंद करने और कांग्रेस सरकार की कथित प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

