home page

7 अक्टूबर को हिमाचल में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेगी भाजपा

 | 
7 अक्टूबर को हिमाचल में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेगी भाजपा


शिमला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश के 17 संगठनात्मक जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। हाल में हुई भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक में भी 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में सेवा ज्योति यात्रा आयोजित करने की जानकारी दी गई थी।

डॉ. बिंदल ने सोमवार को बताया कि सिरमौर के नाहन में वह स्वयं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। कुल्लू के ढालपुर में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, ऊना के गगरेट में प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल और हमीरपुर के गांधी चौक में विधायक जीत राम कटवाल कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि शिमला में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, चंबा में विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता डीएस ठाकुर, सोलन में पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल और नूरपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल कार्यक्रम में भाग लेंगे। कांगड़ा के धर्मशाला में विधायक सुधीर शर्मा, पालमपुर के सुलह में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार, देहरा में जिला प्रभारी एवं विधायक बिक्रम ठाकुर और बिलासपुर के घुमारवीं में विधायक एवं मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा उपस्थित रहेंगे।

इसी तरह लाहौल-स्पीति के केलांग में विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार, मंडी के बल्ह-नेरचौक में विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, महासू के ठियोग में विधायक एवं प्रवक्ता बलवीर वर्मा, सुंदरनगर में प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और किन्नौर के रिकांगपिओ में प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। भाजपा ने इस अभियान में 25 तरह के सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है। इनमें रक्तदान, स्वच्छता, नशामुक्ति, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान के अंतिम चरण में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा मोर्चों और प्रकोष्ठों से अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा ज्योति यात्रा और अन्य सेवा कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा