राहुल गांधी अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रहे हैं : अनुराग ठाकुर
हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी राजनीतिक विफलताओं और संगठनात्मक कमजोरियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रहे हैं। कांग्रेस चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को पहले ही नकार चुकी है, लेकिन पार्टी अपनी हार से सबक लेने के बजाय बेबुनियाद आरोप लगाने में जुटी है।
अनुराग ठाकुर बुधवार को भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के तहत हमीरपुर में आयोजित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद बिहार और केरल सहित विभिन्न राज्यों में चुनाव हुए हैं। यदि कांग्रेस ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या चुनाव परिणामों के आधार पर केरल के मुख्यमंत्री भी इस्तीफा देंगे? कांग्रेस को तय करना चाहिए कि उसके आरोप सही हैं या फिर कर्नाटक और केरल के मुख्यमंत्रियों को मिला चुनावी जनादेश।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति का अंदाजा उसके छात्र संगठन की चुनावी पराजयों से भी लगाया जा सकता है। पंजाब विश्वविद्यालय से लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय तक कांग्रेस का छात्र संगठन अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया। राहुल गांधी अपनी राजनीतिक असफलताओं और संगठनात्मक कमजोरियों की जिम्मेदारी लेने के बजाय भाजपा पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की रैली पर तंज कसते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि रैली में लाखों लोगों की भीड़ जुटाने के दावे किए गए, लेकिन वास्तविक उपस्थिति दावों के अनुरूप नहीं रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर अनावश्यक सवाल खड़े कर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जनता में अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की इस राजनीति का तथ्यों के साथ जनता के बीच जवाब दें।
सम्मेलन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुमार पैलेस से गांधी चौक तक विशाल पथ यात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने तथा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कथित नकारात्मक एवं अराजक राजनीति के खिलाफ जनजागरण का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

