home page

भाजपा विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई : राकेश ठाकुर

 | 
भाजपा विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई : राकेश ठाकुर


हमीरपुर, 21 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आज हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा के खिलाफ कार्य करने वाले तथा पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं पर संगठन द्वारा कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और संगठन विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

राकेश ठाकुर ने कहा कि विभिन्न भाजपा मंडलों से अब तक कुल छह शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं, जिन्हें आगामी कार्रवाई के लिए प्रदेश भाजपा संगठन को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा नेता या पदाधिकारी क्यों न हो, यदि वह पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करता पाया गया तो उसके विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन मंडलों द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतें भेजी जाएंगी, उन पर गंभीरता से विचार कर कठोर निर्णय लिए जाएंगे।

राकेश ठाकुर ने नगर निकाय चुनाव परिणामों को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन का संकेत बताते हुए कहा कि प्रदेश की 47 नगर निकाय इकाइयों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 21 निकायों में विजय प्राप्त की है, जबकि कांग्रेस केवल 19 स्थानों तक सीमित रह गई। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रदेश सरकार और कांग्रेस की नीतियों के प्रति जनता के असंतोष को दर्शाते हैं।

उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं और मंत्रियों के गढ़ में भी जीत दर्ज कर महत्वपूर्ण सेंधमारी की है। उन्होंने कहा कि रामपुर जैसे शहरी निकाय में, जहां विक्रमादित्य सिंह जैसे प्रदेश सरकार के बड़े कैबिनेट मंत्री आते हैं, वहां भाजपा को कॉंग्रेस के मुकाबले भारी जनसमर्थन मिला। यह कॉंग्रेस के तथाकिथत बड़े नेताओं की जमीन खिसकने का संकेत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा