home page

शिमला में खरगे के ख़िलाफ़ भाजपा का प्रदर्शन, सिकंदर कुमार बोले- कांग्रेस माफी मांगे

 | 
शिमला में खरगे के ख़िलाफ़ भाजपा का प्रदर्शन, सिकंदर कुमार बोले- कांग्रेस माफी मांगे


शिमला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने सोमवार को शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

सिकंदर कुमार ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी के परिवार के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत माता-पिता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग भारतीय संस्कृति, संस्कारों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस अध्यक्ष का सम्मान करती है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों के बीच किसी के परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस नेतृत्व ने अपनी भाषा पर संयम नहीं रखा तो भाजपा देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के अभियान पर निशाना साधते हुए सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर राजनीतिक माहौल बनाने और लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। पहले भी अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण होता रहा है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना है। इसके तहत मृत मतदाताओं, दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की नियमानुसार जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और किसी भी योग्य मतदाता का मतदान का अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए।

सिकंदर कुमार ने कांग्रेस की एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास मतदाता सूची में अनियमितताओं के प्रमाण हैं तो उन्हें चुनाव आयोग या सक्षम न्यायिक मंचों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी संविधान तो कभी चुनाव प्रक्रिया के मुद्दे पर राजनीतिक आरोप लगाती है।

उन्होंने कांग्रेस के पिछले शासनकाल का उल्लेख करते हुए आपातकाल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े चुनावी विवादों पर भी सवाल उठाए। सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग की संवैधानिक भूमिका और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करती है। उन्होंने कांग्रेस से बिना प्रमाण आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी आपत्तियां रखने को कहा।

प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, संजय सूद, रवि मेहता, प्रदेश सचिव तिलक राज, कुसुम सदरेट, कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह संयोजक रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, गणेश दत्त, बिलाल शाह, राजिंदर जिन्हा, गुरमीत सिंह, अनीता सूद, सुमित ठाकुर, धनंजय पुरी, राजिंदर चौहान, प्रेम चौहान, संजीव सूद, राजू ठाकुर, गौरव शर्मा, विवेक शर्मा और सुनील धर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा