home page

शिमला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, वादे पूरे न करने का आरोप

 | 

शिमला, 10 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने विरोध तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को शिमला के चक्कर स्थित भाजपा मुख्यालय दीप कमल के बाहर भाजपा शिमला ग्रामीण इकाई ने प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराज़गी जताई।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों से आम लोगों को राहत नहीं मिली है। उनका कहना था कि सरकार चुनाव के समय 10 गारंटियों के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन इनमें से कई प्रमुख वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि प्रदेश में निकम्मी सरकार चल रही है, जिसने राज्य की आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने और 5 लाख नौकरियां देने जैसे वादों को सरकार सही तरीके से लागू नहीं कर पाई है। उनके मुताबिक, सरकार लगातार आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाले फैसले ले रही है।

केशव चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। साथ ही उन्होंने सरकार के भीतर आपसी तालमेल की कमी का भी आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बयानों में कई बार विरोधाभास देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार आत्मनिर्भरता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों के वेतन में कटौती जैसे संकेत दिए जा रहे हैं, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बन रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही है और सरकार की नीतियों को जनता के सामने उठा रही है। केशव चौहान ने दावा किया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर किया जाएगा और शिमला जिला की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता, तब तक इस तरह के विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा