home page

कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को कर्ज और आर्थिक संकट में धकेला : हर्ष महाजन

 | 
कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को कर्ज और आर्थिक संकट में धकेला : हर्ष महाजन


शिमला, 15 मई (हि.स.)। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ में धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, जिला परिषद, पंचायत समिति और पंचायत चुनाव केवल स्थानीय चुनाव नहीं हैं, बल्कि हिमाचल के भविष्य से जुड़े चुनाव हैं और जनता को इस बार सोच-समझकर फैसला लेना होगा।

हर्ष महाजन ने शुक्रवार को शिमला से जारी बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बढ़ते टैक्स, विकास कार्यों में कमी और सरकारी संस्थानों की बिगड़ती हालत से हर वर्ग परेशान है। उनके मुताबिक कर्मचारी, किसान, बेरोजगार, व्यापारी, महिलाएं और युवा सभी सरकार की नीतियों से प्रभावित हुए हैं।

हर्ष महाजन ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी सीएजी की रिपोर्ट में भी प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर बातें सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 12 बोर्ड और निगम करीब 6454 करोड़ रुपये से ज्यादा के घाटे में चल रहे हैं। उनके अनुसार हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड पर 3246 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा है, जबकि हिमाचल पथ परिवहन निगम पर करीब 10,966 करोड़ रुपये का बोझ है। उन्होंने यह भी कहा कि कई सरकारी उपक्रमों की वित्तीय स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर पुरानी पेंशन योजना लागू करने के बावजूद अलग पेंशन फंड नहीं बनाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि आने वाले समय में इसका अतिरिक्त बोझ सीधे प्रदेश के खजाने पर पड़ेगा और आर्थिक स्थिति और कठिन हो सकती है।

भाजपा सांसद ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023-24 में हिमाचल प्रदेश को 5558 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा हुआ, जबकि राजकोषीय घाटा 11,266 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि सरकार की आय का बड़ा हिस्सा वेतन, पेंशन और ब्याज चुकाने में खर्च हो रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

हर्ष महाजन ने प्रदेश की जनता से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल उम्मीदवार चुनने का नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के भविष्य को बचाने का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार कांग्रेस सरकार को चुनाव में जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा