home page

कांग्रेस सांसद पर आरोपों को लेकर शिमला में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, पुतले फूंके

 | 
कांग्रेस सांसद पर आरोपों को लेकर शिमला में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, पुतले फूंके


शिमला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को शिमला में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने कार्ट रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर धरना दिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा मणिपुर से एक कांग्रेस सांसद के पुतले फूंके। महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से सांसद के विरुद्ध लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने सांसद के विरुद्ध सामने आए आरोपों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से इस मामले पर सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करें। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे और आरोप सिद्ध होने पर संबंधित सांसद के विरुद्ध कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को राजनीतिक प्रभाव से अलग रखकर निष्पक्ष तरीके से सुना जाना चाहिए।

डेजी ठाकुर ने राहुल गांधी और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच कथित झड़प से संबंधित मीडिया में प्रसारित फुटेज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं से महिला पुलिसकर्मियों सहित सभी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने इस घटनाक्रम पर भी राहुल गांधी से स्पष्टीकरण देने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा