शिमला में भाजपा की महापदयात्रा, कांग्रेस-इंडी गठबंधन पर बरसे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा
शिमला, 01 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में रविवार को राजधानी शिमला में भाजपा ने महापदयात्रा निकाली। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ निकली यह यात्रा ओल्ड बस स्टैंड से शुरू होकर चौड़ा मैदान तक पहुंची। इस दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर एसआईआर के विरोध को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों के वोट काटे जाने से बचाने के लिए एसआईआर का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में कुछ भी गलत नहीं है।
एसआईआर नहीं होगा तो घुसपैठियों के नाम कैसे कटेंगे
पदयात्रा के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि यदि एसआईआर नहीं होगा तो घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कैसे काटे जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों के वोट काटे जाने पर तिलमिला रही है। विपक्ष एसआईआर के विरोध का ड्रामा कर रहा है, जबकि इसका उद्देश्य घुसपैठियों को बचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को घुसपैठियों के वोट काटे जाने पर आपत्ति है।
कांग्रेस पहले हिमाचल और केरल में रद्द करे चुनाव
हिमंता बिस्वा सरमा ने 2024 के लोकसभा चुनाव को रद्द करके फिर से चुनाव करवाने की कांग्रेस और इंडी गठबंधन की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश और केरल में कांग्रेस की सरकारें हैं। यदि विपक्ष लोकसभा चुनाव रद्द करने की मांग कर रहा है तो इन राज्यों में भी चुनाव रद्द होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां कांग्रेस को सब बढ़िया दिखता है, जबकि भाजपा की सरकारों वाले राज्यों में विपक्ष वोट चोरी का आरोप लगाता है।
पहले इस्तीफा दें कांग्रेस सरकारें, फिर हमारे पास आएं
असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव रद्द करने की मांग करने से पहले कांग्रेस को अपनी राज्य में चल रही सरकारों से इस्तीफा दिलवाना चाहिए। इसके बाद विपक्ष भाजपा के पास आए। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए एसआईआर के विरोध को घुसपैठियों के वोट बचाने की कोशिश बताया।
भाजपा की इस महापदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

