पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत : श्रीकांत शर्मा
शिमला, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय दीपकमल शिमला में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने इन चुनाव परिणामों को पार्टी की ऐतिहासिक विजय बताते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन को बधाई दी। यह मुलाकात चक्कर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत पर खुशी जताई।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम सिर्फ राजनीतिक बदलाव नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत हैं। उन्होंने कहा कि इस जीत से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस सपने को बल मिला है, जिसमें उन्होंने एक मजबूत और समृद्ध बंगाल की कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि दशकों बाद बंगाल की जनता ने भाजपा को अवसर दिया है कि वह उस दिशा में काम कर सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत केवल सीटों की संख्या नहीं है, बल्कि उन कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के लिए काम किया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं के योगदान का भी जिक्र करते हुए कहा कि कई जगहों पर उन्हें कठिन हालात का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता अब राज्य में विकास, सुरक्षा और बेहतर शासन व्यवस्था सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और आम लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू करने पर जोर दिया जाएगा।
इस मौके पर रवीन्द्रनाथ टैगोर के भयमुक्त समाज के विचार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे ही माहौल की दिशा में काम करने का दावा करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी इसी दिशा में काम करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

