home page

प्रदेश सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाए, टोल बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करे: वीरेंद्र कंवर

 | 
प्रदेश सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाए, टोल बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करे: वीरेंद्र कंवर


शिमला, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाए और टोल बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करे। यह मांग भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने उठाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती आम जनता को राहत देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

वीरेंद्र कंवर ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से देशभर में आम लोगों, किसानों, परिवहन क्षेत्र और व्यापारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है और महंगाई से राहत देने की दिशा में प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार लोगों को राहत दे रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार अतिरिक्त सेस लगाने का प्रस्ताव लाकर जनता पर और आर्थिक बोझ डालने की तैयारी कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि अतिरिक्त सेस लगाने के बजाय पेट्रोल और डीजल पर वैट कम किया जाए, ताकि आम लोगों को सीधी राहत मिल सके।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि महंगाई के इस दौर में परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं, जिसका असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ता है। ऐसे में सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे लोगों का खर्च कम हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में टोल दरों में हुई बढ़ोतरी पर भी प्रदेश सरकार से पुनर्विचार करने की मांग की। उनका कहना था कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच टोल दरों में वृद्धि से आम लोगों और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रेरणा लेकर प्रदेशवासियों को राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा