हिमाचल के दुर्गम इलाकों तक पहुंचेंगे भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, 19 से नौ दिन का संगठनात्मक दौरा
शिमला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने और दूरदराज के क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा 19 से 27 अक्टूबर तक नौ दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शिमला से लेकर किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिले के दुर्गम पांगी क्षेत्र तक पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों की संगठनात्मक बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा के साथ संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी और मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे शिमला स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वह दोपहर तीन बजे तक विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह रामपुर के लिए रवाना होंगे। शाम को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत करेंगे।
20 अक्टूबर को श्रीकांत शर्मा किन्नौर जिले के भावानगर पहुंचेंगे। यहां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निचार मंडल की संगठनात्मक बैठक होगी। इसके बाद वह कल्पा के लिए रवाना होंगे। 21 अक्टूबर को रिकांगपिओ में सुबह 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक कल्पा और सांगला मंडलों की संयुक्त बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे स्पीलो में मूरंग मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे। दिन के कार्यक्रम पूरे होने के बाद वह पूह पहुंचेंगे।
22 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे नाको में पूह मंडल की बैठक होगी। इसके बाद श्रीकांत शर्मा लाहौल-स्पीति जिले के काजा के लिए रवाना होंगे। 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे काजा में स्पीति मंडल की संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वह केलांग पहुंचेंगे।
24 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे केलांग मंडल की बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे उदयपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक निर्धारित है। अगले दिन 25 अक्टूबर को वह चंबा जिले के दुर्गम पांगी क्षेत्र में पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:30 बजे पांगी मंडल की संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेंगे।
26 अक्टूबर को श्रीकांत शर्मा पांगी से मनाली पहुंचेंगे। नौ दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कुल्लू में जिला कुल्लू की पिछली तीन कार्यसमितियों के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही उनका प्रस्तावित संगठनात्मक दौरा पूरा होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

